अम्मान —
जॉर्डन और इजराइल की सीमा मादक पदार्थों की तस्करी का एक नया और संवेदनशील केंद्र बनती जा रही है। नेगेव रेगिस्तान के संगठित आपराधिक गिरोह ड्रोन और हीलियम गुब्बारों का इस्तेमाल करके जॉर्डन की सीमा में हशीश, क्रिस्टल मेथ और एम्फिटामिन जैसे नशीले पदार्थों की बड़ी खेप पहुंचा रहे हैं। इस नए रास्ते के उभरने से क्षेत्रीय सुरक्षा एजेंसियों की चिंताएं काफी बढ़ गई हैं।
जॉर्डन के अधिकारियों और सुरक्षा जानकारों के अनुसार, वर्ष 2024 के अंत में सीरिया में बशर अल-असद की सरकार के पतन के बाद सीरिया से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी में कमी आई थी, जिसके बाद तस्करों ने इस नए मार्ग का रुख किया है। जॉर्डन के सुरक्षा बलों का कहना है कि संगठित तस्कर सिनाई, नेगेव और वादी अरबा के रास्तों का जाल बिछाए हुए हैं। इस अवैध धंधे में लगे गिरोहों के पास कृषि और सुरक्षा कार्यों में इस्तेमाल होने वाले एक हजार से अधिक ड्रोन बताए जाते हैं।
जॉर्डन के बलों के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2026 की पहली छमाही में इजराइल के साथ लगी दक्षिण-पश्चिमी सीमा पर ड्रोन से जुड़ी 17 अवरोधन कार्रवाई दर्ज की गईं। इस दौरान कुल 231 घुसपैठ और तस्करी के प्रयास सामने आए, जबकि विभिन्न सीमाओं पर 56 ड्रोन गिराए गए।
जॉर्डन के गृह मंत्री माजेन अल-फारया ने बताया कि चालू वर्ष के दौरान मादक पदार्थों की जब्ती के कुल 15,342 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें तस्करी के मामले लगभग 28 प्रतिशत और सेवन के मामले 72 प्रतिशत हैं।
अम्मार अल-कुदा ने दावा किया है कि नेगेव के गिरोह जीपीएस युक्त हीलियम गुब्बारों और लगभग 50 किलोग्राम वजन तक नशीले पदार्थ ढोने में सक्षम ड्रोनों का उपयोग कर रहे हैं। ब्रिटिश समाचार पत्र ‘द टेलीग्राफ’ और इजराइली सुरक्षा सेवाओं के आकलन के अनुसार, जॉर्डन में हशीश की कीमत इजराइल की तुलना में लगभग 15 गुना अधिक है। जॉर्डन में एक किलोग्राम हशीश की कीमत लगभग 7,500 पाउंड स्टर्लिंग यानी करीब 10,000 अमेरिकी डॉलर तक आंकी गई है।
इस बीच, जॉर्डन के सुरक्षा बलों ने इस गंभीर समस्या पर इजराइली सेना के रुख को लेकर असंतोष जताया है। उनका आरोप है कि इजराइली सेना इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है और अन्य मोर्चों पर सैन्य व्यस्तता के कारण तस्करों को खुला मैदान मिल रहा है। दूसरी ओर, इजराइल ने वर्ष 2025 में जॉर्डन घाटी में संचालन के लिए 96वीं डिवीजन की स्थापना की थी और सीमा पर सुरक्षा बाड़ का निर्माण भी किया है। जॉर्डन के सुरक्षा बल देश में नशीले पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए अपने प्रयास लगातार जारी रखे हुए हैं।

