बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में बुधवार को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान और कथित मतदाता सूची से नाम काटे जाने के विरोध में ‘पीपुल्स ट्रिब्यूनल’ और चप्पल विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रदर्शन में यूट्यूबर ध्रुव राठी और अभिनेता-कार्यकर्ता प्रकाश राज ने भी हिस्सा लिया है।
यह प्रदर्शन सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके और सह-संयोजक आशुतोष रांका के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है। कर्नाटक के विभिन्न हिस्सों से ऐसे लोग कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे हैं, जिनका दावा है कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची से उनके नाम गलत तरीके से हटा दिए गए हैं। सह-संयोजक आशुतोष रांका के अनुसार, ट्रिब्यूनल के बाद महिलाओं के समर्थन में एक ‘चप्पल’ विरोध प्रदर्शन भी किया जाएगा।
इससे पहले ध्रुव राठी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो जारी कर अपनी भागीदारी की पुष्टि की थी और कहा था कि यह लड़ाई लोकतंत्र को बचाने के लिए है। अभिनेता प्रकाश राज ने भी नागरिकों से इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम के तहत बैरिकेडिंग की गई है। आयोजकों के मुताबिक, इस सिलसिले में 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक और प्रदर्शन किया जाएगा।
दूसरी ओर, दिल्ली में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य विपक्षी नेताओं की हिरासत के विरोध में कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी ‘ब्लैक डे’ आह्वान के तहत कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) ने भी राज्यभर में प्रदर्शन किए हैं। मुख्य विरोध प्रदर्शन बेंगलुरु में क्वीन रोड स्थित केपीसीसी कार्यालय पर आयोजित किया गया, जबकि इसी तरह के प्रदर्शन जिला और ब्लॉक स्तर पर भी रखे गए। इस दौरान कांग्रेस पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग की और विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर सरकार पर चुनावी अखंडता को कमजोर करने का आरोप लगाया।

