पेरिस —
फ्रांस के डनकिर्क शहर में स्कूली छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा ब्रिटिश फंड से खरीदे गए 4×4 वाहनों के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। इस घटना में एक 14 वर्षीय छात्रा घायल हो गई, जिसके बाद फ्रांसीसी सरकार ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
फ्रांसीसी मीडिया संस्थान बीएफएम टीवी द्वारा 10 अक्टूबर को प्रसारित फुटेज में मैस्टेक वेजी (Masstech VEZI) लैंड क्रूजर वाहन तेज गति से चलते, पीछे हटते और पहिये के नीचे कचरा पात्र फंसा हुआ आगे बढ़ते नजर आया। इस दौरान घायल हुई 14 वर्षीय किशोरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके शरीर पर चोट (हेमेटोमा) पाई गई। उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पीड़िता ने इस घटना को अस्वीकार्य बताया है।
यह वाहन ब्रिटेन और फ्रांस के बीच जनवरी 2018 में हुए सैंडहर्स्ट समझौते के तहत ब्रिटिश करदाताओं के पैसों से खरीदे गए थे। इन वाहनों को अंग्रेजी चैनल पार करने वाले शरणार्थियों को रोकने के लिए फ्रांसीसी समुद्र तटों पर सीमा सुरक्षा अभियानों के वास्ते तैयार किया गया था। हाल ही में एक फ्रांसीसी संसदीय सर्वदलीय जांच से पता चला था कि इस संधि के तहत नौ विशेष वेजी वाहन खरीदे गए हैं।
फ्रांस के आंतरिक मंत्री लॉरेंट नुनेज के कार्यालय के एक प्रवक्ता ने इस घटना पर आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, सहायता संगठन ‘यूटोपिया 56’ ने आरोप लगाया कि डनकिर्क में छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ इस्तेमाल किया गया 4×4 वाहन ब्रिटिश फंड का था। संगठन का कहना है कि प्रदर्शनकारियों को डराने और चुप कराने के लिए समुद्र तटों की तर्ज पर ही बल प्रयोग किया जा रहा है।
जांच से जुड़े सूत्रों ने चिंता जताई है कि ब्रिटिश अधिकारियों को शायद इस बात की जानकारी नहीं होगी कि उनके धन का इस्तेमाल फ्रांसीसी बच्चों के खिलाफ किया जा रहा है, जो फ्रांसीसी पुलिसिंग के बढ़ते सैन्यीकरण की ओर इशारा करता है। इस संबंध में पूछे जाने पर ब्रिटिश गृह मंत्रालय ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब फ्रांस भर में जर्जर स्कूलों और शिक्षकों की कमी के खिलाफ पिछले तीन हफ्तों से स्कूली छात्रों के प्रदर्शन जारी हैं। इन प्रदर्शनों में अब तक लगभग 1,60,000 लोग शामिल हो चुके हैं, जहां आंसू गैस के गोले छोड़े जाने सहित पुलिस की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल उठाए जा रहे हैं।

